विकासनगर-चकराता मार्ग पर बड़ा हादसा, चलते वाहन में लगी आग, परचून का सारा सामान जलकर राख

उत्तराखंड के देहरादून जिले से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आ रही है. विकासनगर-चकराता मोटर मार्ग पर गुरुवार, 10 अप्रैल को चापनू मोड़ के पास एक चलते यूटिलिटी लोडर वाहन में अचानक आग लग गई.

गनीमत रही कि ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही पलों में वह जलकर खाक हो गया.

बताया जा रहा है कि इस वाहन में सहिया के दो दुकानदारों का परचून का सामान लोड था, जो विकासनगर से सहिया जा रहा था. हादसे में सारा सामान जल गया. आग इतनी तेजी से फैली कि ड्राइवर को वाहन से कुछ भी निकालने का मौका नहीं मिला.

स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया. घटना की सूचना मिलते ही सहिया चौकी से पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को पुनः सुचारू किया गया.

गौरतलब है कि इसी दिन हरिद्वार में भी ऐसी ही एक घटना घटी थी, जहाँ मोटर गैराज के बाहर खड़ी दो कारों में आग लग गई थी. हालांकि, दोनों ही घटनाओं में राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *