अरशद खान: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर “दोहरे मापदंड” अपनाने का आरोप लगाते हुए, करतारपुर कॉरिडोर को तत्काल खोलने और राज्य के रास्ते पाकिस्तान के साथ व्यापार फिर से शुरू करने की पुरजोर मांग की है.
सीएम मान ने तर्क दिया कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हो सकते हैं और गुजरात जैसे राज्यों के रास्ते व्यापार जारी रह सकता है, तो पंजाब के लोगों को धार्मिक और आर्थिक लाभ से वंचित क्यों रखा जा रहा है. उन्होंने कहा, “जब उनके (पाकिस्तान) साथ क्रिकेट मैच खेले जा रहे हैं और गुजरात के रास्ते व्यापार जारी है तो गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को करतारपुर कॉरिडोर खोल देना चाहिए.”
आर्थिक विकास और रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान के साथ व्यापार फिर से शुरू होने से पंजाब की अर्थव्यवस्था को बड़ा बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि अटारी-वाघा मार्ग के माध्यम से व्यापार शुरू होने पर लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा और राज्य का व्यापार-व्यवसाय तेजी से बढ़ेगा. उन्होंने कहा, “हम समय-समय पर इसकी मांग करते रहे हैं.”
करतारपुर कॉरिडोर को भारत ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के चलते बंद कर दिया था. मान की यह मांग ऐसे समय में आई है जब पंजाब आर्थिक सुधारों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है और सीमावर्ती राज्य होने के कारण व्यापार मार्ग खुलने से होने वाले लाभों को भुनाना चाहता है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र को किसी के पत्र लिखने का इंतजार किए बिना खुद ही यह पहल करनी चाहिए थी क्योंकि दोनों देशों के लोग शांति चाहते हैं और यह कदम भक्ति और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए महत्वपूर्ण है.