मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना: धूरी से तीर्थ यात्रियों के पहले जत्थे को सीएम मान ने दिखाई हरी झंडी

अरशद खान: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत तीर्थ यात्रियों के पहले जत्थे को दूरी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह योजना राज्य के बुजुर्गों को मुफ्त में विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने के लिए शुरू की गई है, जिससे वे बिना किसी वित्तीय बोझ के अपनी धार्मिक भावनाओं को पूरा कर सकें.

इस योजना के तहत, लंबी दूरी की यात्रा के लिए ट्रेन और छोटी दूरी के लिए एसी बसों की व्यवस्था की गई है. सरकार यात्रियों के आने-जाने, रहने, खाने और अन्य सभी खर्चों का वहन करती है.

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि सरकार गुरु तेग बहादुर जी का 350वां प्रकाश पर्व मना रही है, जिसमें लोगों की सेवा और आपसी भाईचारे पर जोर दिया गया है. उन्होंने यह भी बताया कि 75 वर्ष से अधिक उम्र के यात्रियों को अपने साथ एक अटेंडेंट ले जाने की अनुमति है. यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर जत्थे के साथ डॉक्टर, स्वयंसेवक भी सफर करते हैं.

इस योजना का उद्देश्य उन बुजुर्गों के सपनों को पूरा करना है जो आर्थिक कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते. पंजाब सरकार ने इस योजना के लिए 2024-25 में ₹25 करोड़ का बजट आवंटित किया है, जिसका लक्ष्य 50,000 से अधिक श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा कराना है. मुख्यमंत्री मान ने विश्वास व्यक्त किया कि यह योजना पंजाब में जनकल्याण और धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *