दिल्ली के लाल किले के पास कार में भीषण धमाका, 9 की मौत; हाई अलर्ट जारी

सुमित: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम लाल किले के पास एक चलती कार में हुए एक शक्तिशाली धमाके ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया. यह घटना लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के करीब शाम लगभग 6:52 बजे हुई, जिसमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं.

दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोल्छा ने बताया कि एक धीमी गति से चल रही हुंडई आई20 (Hyundai i20) कार रेड लाइट पर रुकी, जिसमें अचानक भीषण विस्फोट हो गया. धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां, जिनमें कारें, ऑटो और ई-रिक्शा शामिल हैं, बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें आग लग गई. दमकल की 7 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया.

घायलों को तत्काल लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है. मृतकों में से दो की पहचान अमरोहा निवासी अशोक कुमार और दिल्ली के दवा कारोबारी अमर कटारिया के रूप में हुई है.

धमाके की सूचना मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से बात की और स्थिति का जायजा लिया. गृह मंत्री ने खुद घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं. शुरुआती जांच में अमोनियम नाइट्रेट जैसे विस्फोटक के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां इस घटना के तार फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़े होने के एंगल से भी जांच कर रही हैं. संदिग्ध हमलावर की एक तस्वीर भी सामने आई है. इस घटना के बाद दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *