अरशद खान: पंजाब पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गुरुवार (13 नवंबर, 2025) को पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई (ISI) द्वारा समर्थित एक ग्रेनेड अटैक मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है. लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने इस आतंकी नेटवर्क के 10 प्रमुख गुर्गों को गिरफ्तार किया है.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में थे. यह संचार मुख्य रूप से मलेशिया में बैठे तीन अन्य सहयोगियों के माध्यम से किया जा रहा था, जिनका काम हैंड ग्रेनेड की डिलीवरी और पिकअप का समन्वय करना था.
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इन गुर्गों को राज्य में अशांति फैलाने के उद्देश्य से एक भीड़भाड़ वाले इलाके में ग्रेनेड हमला करने का काम सौंपा गया था. पुलिस ने हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए है. इस कार्रवाई से पंजाब में एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया गया है. पुलिस ने सीमा पार से संचालित होने वाले आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने और राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है. विदेश में बैठे मास्टरमाइंडों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जा रहे हैं.