पंजाब सरकार ने बिजली विभाग में खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है. जानकारी के मुताबिक, PSPCL (Punjab State Power Corporation Limited) में स्पोर्ट्स कोटे के तहत करीब 60 खिलाड़ियों को नौकरी दी जाएगी.
गौरतलब है कि PSPCL की स्पोर्ट्स सेल साल 2017 से बंद थी. अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर सरकार ने इसे फिर से बहाल कर दिया है. इस संबंध में बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है.
मंत्री हरभजन सिंह ने बताया कि PSPCL की स्पोर्ट्स विंग की स्थापना 1973 में हुई थी, लेकिन कांग्रेस सरकार के दौरान इसे 2017 में बंद कर दिया गया था. पंजाब सरकार ने इसे अब फिर से शुरू किया है.
स्पोर्ट्स सेल की बहाली के बाद PSPCL ने ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी कंट्रोल बोर्ड के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है. मंत्री ने यह भी बताया कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी, जिसमें यह स्पष्ट किया जाएगा कि किस खेल के खिलाड़ियों को कौन-कौन से पदों पर नियुक्त किया जाएगा.
यह फैसला न केवल खिलाड़ियों के लिए एक सुनहरा अवसर है, बल्कि राज्य में खेलों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है.