अरशद खान: जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के नौगाम पुलिस थाने में शुक्रवार देर रात करीब 11:20 बजे हुए भीषण विस्फोट को पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात ने एक दुर्घटना करार दिया है. उन्होंने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि यह कोई आतंकी साजिश या हमला नहीं था, बल्कि फरीदाबाद से जब्त किए गए अत्यधिक संवेदनशील विस्फोटक सामग्री की सैंपलिंग (नमूना लेने) की प्रक्रिया के दौरान हुआ एक “दुर्भाग्यपूर्ण हादसा” था.
डीजीपी नलिन प्रभात ने बताया कि फरीदाबाद से बरामद विस्फोटक की सैंपलिंग की प्रक्रिया पिछले दो दिनों से चल रही थी. उन्होंने मृतकों की संख्या 9 और घायलों की संख्या 32 बताई, जिनमें FSL टीम के सदस्य, SIA अधिकारी, राजस्व अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल हैं. घायलों में तीन नागरिक भी हैं. विस्फोट की भयावहता के कारण थाने की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है.
गृह मंत्रालय ने भी एक बयान जारी कर इस घटना को सिर्फ एक हादसा बताया है. डीजीपी ने किसी भी तरह की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि मामले की विस्तृत जाँच की जा रही है.