पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला, 26 की नृशंस हत्या, टीआरएफ ने ली जिम्मेदारी

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह हमला तब हुआ जब शुभम अपनी पत्नी ऐशान्या के साथ एक रेस्टोरेंट के बाहर बैठकर भोजन कर रहे थे.

धर्म पूछकर मारी गोली

हमले के चश्मदीदों के अनुसार, आतंकियों ने पहले धर्म पूछा और कहा, “हिंदू हो या मुस्लिम? यदि मुस्लिम हो तो कलमा पढ़ो.” शुभम ने जैसे ही ‘नहीं’ में सिर हिलाया, आतंकी ने उसके सिर में गोली मार दी. पत्नी ऐशान्या चीख उठीं – “मुझे भी गोली मार दो!” और वहीं बेहोश हो गईं.

शादी के दो महीने बाद हुआ हमला

शुभम और ऐशान्या की शादी 12 फरवरी को हुई थी. शादी के बाद यह दोनों पहली बार अपने परिवार के साथ कश्मीर घूमने आए थे. शुभम के साथ उनके माता-पिता, बहन और ऐशान्या के माता-पिता भी थे. घटना के समय शुभम और ऐशान्या पहाड़ी पर बने एक हिल स्टेशन पर थे, जबकि बाकी परिवार नीचे ठहरा था.

घटना की जानकारी शाम को मिली, परिवार में कोहराम

शुभम के पिता डॉ. संजय द्विवेदी ने बताया कि हमला दोपहर करीब सवा दो बजे हुआ. सेना की वर्दी में आए आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की. शाम साढ़े छह बजे परिवार को शुभम की मौत की खबर मिली, जिसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया. शुभम एक सीमेंट कंपनी में सेल्स प्रमोटर थे.

26 पर्यटकों की हत्या, 20 से अधिक घायल

हमले में कुल 26 लोगों की मौत हुई, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे. इसके अलावा दो विदेशी और दो स्थानीय नागरिक भी मारे गए. लगभग 20 लोग घायल हुए हैं. हमलावरों ने पहले पहचान पत्र देखे और फिर “हिंदू हो” कहकर टारगेट किया.

टीआरएफ ने ली हमले की जिम्मेदारी

इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा से जुड़े द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली है. यह हमला श्रीअमरनाथ यात्रा से ठीक पहले हुआ है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है.

प्रधानमंत्री ने बीच में छोड़ी विदेश यात्रा

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब की यात्रा बीच में छोड़ भारत वापसी की. दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस जयशंकर से बैठक कर हालात की समीक्षा की और हमले की कड़ी निंदा की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *