पंजाब CM कैंप ऑफिस पर ‘शीश महल’ की सियासत गरमाई, मान ने BJP को दिया करारा जवाब

अरशद खान: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप कार्यालय को लेकर राज्य की राजनीति में इन दिनों जबरदस्त उबाल है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित कोठी नंबर 50 को, जिसे सीएम का कैंप कार्यालय बताया जाता है, ‘शीश महल 2.0’ करार दिया है. BJP का आरोप है कि यह आलीशान बंगला ‘आम आदमी पार्टी’ (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पंजाब के ‘सुपर सीएम’ के तौर पर आवंटित किया गया है, जबकि वह न तो पंजाब के विधायक हैं और न ही राज्य सरकार का हिस्सा.

इस आरोप पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीखा पलटवार किया है. उन्होंने शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी कर BJP के प्रचार को झूठा और गंदा बताया. मान ने स्पष्ट किया कि सेक्टर-2 स्थित कोठी नंबर 45 उनका आधिकारिक आवास है, जबकि कोठी नंबर 50 उनका सरकारी कैंप कार्यालय/गेस्ट हाउस है, जहां देश भर से अतिथि और गणमान्य व्यक्ति उनसे मिलते हैं और कुछ ठहरते भी हैं.

मान ने BJP को चुनौती देते हुए कहा कि चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश है, जो सीधे केंद्र के अधीन है, इसलिए BJP एक भी आवंटन पत्र दिखाए जिसमें केजरीवाल को घर आवंटित करने की बात हो. उन्होंने आरोप लगाया कि BJP के पास पंजाब के लिए कोई एजेंडा नहीं है, इसलिए वह जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह का भ्रामक प्रचार कर रही है. ‘आप’ के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी BJP पर नकली कहानियां गढ़ने का आरोप लगाया. इस मामले ने दोनों पार्टियों के बीच सियासी बयानबाजी को और तेज कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *