श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पाबौं, खिर्सू और थलीसैंण विकासखंड के लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. लम्बे समय से अटकी सड़कों के निर्माण कार्य को अब गति मिलने वाली है.
क्षेत्र में वर्षों से वन विभाग की अनापत्ति का इंतज़ार कर रहीं कई सड़क परियोजनाओं को आखिरकार फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिल गई है. इससे इन सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सकेगा.
साथ ही साथ कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा की “जिन सड़कों को फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिल चुकी है, उन पर जल्द से जल्द निर्माण शुरू किया जाएगा. संबंधित विभागों को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं.”
डॉ. रावत ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू हो सके.
इसके साथ ही क्षेत्र में पहले से मौजूद विभिन्न मोटरमार्गों के डामरीकरण और सुधारीकरण के कार्यों को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई है.
श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की सड़कों को लेकर चल रही इस पहल से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि निर्माण कार्य किस गति से आगे बढ़ता है.