अरशद खान: पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. शाम 6 बजे तक चली वोटिंग में 1,92,838 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. चुनाव आयोग के प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, शाम 5 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 58.60% दर्ज किया गया, जो पिछले विधानसभा चुनाव से कम रहने की संभावना है.
यह सीट AAP विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी. 222 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ था. मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भाजपा के उम्मीदवारों सहित कुल 15 उम्मीदवारों के बीच रहा.
सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 12 कंपनियों को तैनात किया गया था. अब सभी उम्मीदवारों का भाग्य EVM में कैद हो गया है। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी, जिसके साथ ही विजेता का नाम सामने आएगा.