पंजाब में युद्ध नशे के विरुध अभियान के तहत गांव लखनपाल में नशा तस्करों के अवैध निर्माण ध्वस्त

जालंधर : पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान को नई धार देते हुए जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गांव लखनपाल में नशा तस्करों द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया. यह कार्रवाई जालंधर पुलिस और पंचायत विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई.

पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने बताया कि गांव लखनपाल नशे की बिक्री और आपूर्ति का हॉटस्पॉट बन चुका था. जांच के दौरान यह सामने आया कि हिस्ट्रीशीटर हरदीप सिंह उर्फ दीपा ने सरकारी ज़मीन पर अवैध कब्ज़ा कर निर्माण किया था. उसके खिलाफ नशा तस्करी के 9 मामले दर्ज हैं. इतना ही नहीं, उसके पिता सरबजीत सिंह और भाई संदीप उर्फ सोनू पर भी दो-दो केस दर्ज हैं.

पुलिस ने हरदीप सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्य कार्रवाई से पहले घर छोड़कर फरार हो गए हैं. इससे पहले इसी गांव से पुलिस ने 9 अन्य नशा तस्करों को गिरफ्तार किया था. कई तस्कर अपने घरों को बंद कर भाग गए थे.

गौरतलब है कि गांव लखनपाल की ग्राम पंचायत ने भी गांव में नशीली दवाओं की बिक्री और खपत पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव पारित किया है, जिससे सरकार को नशा विरोधी अभियान में स्थानीय स्तर पर भी पूरा समर्थन मिल रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *