पहलगाम हमले के बाद हरियाणा अलर्ट मोड में, सीएम सैनी ने अधिकारियों संग की आपात बैठक

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हरियाणा सरकार सतर्क हो गई है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से चर्चा के बाद प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा बैठक की.

बैठक में सीएम ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ रहे कश्मीरी छात्रों को सुरक्षा और भरोसे का माहौल देने के निर्देश दिए. वर्तमान में हरियाणा में कुल 1157 कश्मीरी विद्यार्थी अध्ययनरत हैं.

सीएम सैनी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में शांति भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं.

गृह मंत्री अमित शाह ने भी सभी मुख्यमंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि 27 अप्रैल की तय समय सीमा के बाद कोई भी पाकिस्तानी नागरिक भारत में न रहे. चिकित्सा वीजा धारकों के लिए यह सीमा 29 अप्रैल तय की गई है.

हरियाणा में फिलहाल करीब 450 पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं, जिनमें से 85 फीसदी हिंदू परिवार हैं. सरकार ने खुफिया विभाग को आदेश दिया है कि वह ऐसे नागरिकों की पहचान कर रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपे.

सरकार ने यह भी तय किया है कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलाने वालों पर सख्ती होगी, और कानून-व्यवस्था की स्थिति का नियमित आकलन किया जाएगा.

साथ ही साथ मुख्यमंत्री ने कहा कि शांति और सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *