मुकेश कुमार, बिजनौर: मंडलायुक्त मुरादाबाद मंडल संगीता सिंह ने शनिवार को महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय बिजनौर से संबद्ध पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अस्पताल में संचालित स्कैन एंड शेयर व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओपीडी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, इमरजेंसी सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रखा जाए।
उन्होंने चिकित्सालय के 200 बेडेड नवीन भवन, नवीन ऑपरेशन थिएटर (ओटी) एवं ओपीडी ब्लॉक का भ्रमण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने, मरीजों को आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्युत उपकरणों को सुचारु एवं अद्यतन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त के संज्ञान में आया कि अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 3000 मरीजों की ओपीडी होती है। इस पर उन्होंने कहा कि सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे में सभी चिकित्सकों एवं संबंधित कर्मचारियों का दायित्व है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण मनोयोग, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करें, ताकि मरीजों को समय से उचित उपचार मिल सके।उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों के प्रति चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों का व्यवहार संवेदनशील, सहयोगात्मक एवं शिष्ट होना चाहिए। मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा उन्हें बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।