पुंछ, कुपवाड़ा और उरी में फिर गोलाबारी; नागरिक बंकरों में छिपने को मजबूर
जम्मू-कश्मीर के पुंछ और कुपवाड़ा के तंगधार सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से शुक्रवार देर शाम भारी गोलाबारी की गई. छोटे हथियारों से फायरिंग के साथ धमाकों की आवाजें भी सुनी गईं. नागरिकों ने तुरंत भूमिगत बंकरों में शरण ली. भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया.
दो नागरिकों की मौत, भारी संपत्ति नुकसान; सीमावर्ती गांवों से निकाले जा रहे लोग
गुरुवार रात हुई गोलाबारी में पुंछ और तंगधार सेक्टर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घर और पशु घायल हुए. प्रशासन ने एलओसी से सटे गांवों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है.
जम्मू-कश्मीर से लेकर राजस्थान तक हाई अलर्ट, कई इलाकों में पूर्ण ब्लैकआउट
उधमपुर, अखनूर, सांबा और जैसलमेर जैसे संवेदनशील इलाकों में ब्लैकआउट लागू किया गया है. वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 28 हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद रखने की अवधि 15 मई तक बढ़ा दी है.
सीएम उमर अब्दुल्ला ने राहत शिविरों का दौरा किया, लोगों को दिया हिम्मत और भरोसा
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू के मिश्रीवाला राहत शिविर में रह रहे विस्थापित नागरिकों से मुलाकात की. उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है.