अरशद खान: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुजरात के सुरेंद्रनगर ज़िले के लिमड़ी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित किया. इस महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया. केजरीवाल ने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार को किसानों के प्रति ‘क्रूर, अत्याचारी और अहंकारी’ बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात की भाजपा सरकार अब राज्य की धरती पर ‘बोझ’ बन गई है जिसे जनता मिलकर उतारेगी.

AAP सुप्रीमो ने किसानों पर हुए लाठीचार्ज, झूठे मुकदमे और जेल भेजे गए 85 किसानों का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि गुजरात के लोग, विशेष रूप से पटेल समाज, इस दमन से दुखी है. केजरीवाल ने जेल में बंद किसानों के परिवारों को मंच पर सम्मान देने से रोके जाने की भी निंदा की.

उन्होंने बारिश से बर्बाद हुई फसलों के लिए ₹50,000 प्रति हेक्टेयर मुआवजे की तत्काल मांग की और पंजाब में दिए गए मुआवजे का उदाहरण दिया. केजरीवाल ने गुजरात के आगामी विधानसभा चुनाव में विसावदर जैसे नतीजों को पूरे राज्य में दोहराने का आह्वान किया, जिससे गुजरात की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत मिलता है. उन्होंने दावा किया कि AAP ही किसानों की आवाज़ उठाने वाली सच्ची पार्टी है.