नहटौर में मेडिकल स्टोर पर छापा, बिना फार्मासिस्ट संचालन पर दुकान बंद

मुकेश कुमार, बिजनौर: औषधि निरीक्षक पीयूष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को नहटौर क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर पर न तो फार्मासिस्ट मौजूद मिला और न ही दुकान का स्वामी। बताया गया कि दुकान का संचालन बच्चों द्वारा किया जा रहा था।

औषधि निरीक्षक पीयूष कुमार शर्मा के अनुसार, निरीक्षण के समय दुकान के स्वामी और फार्मासिस्ट के तीर्थ यात्रा पर जाने की जानकारी दी गई। मौके पर मौजूद बच्चों द्वारा दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित बिल, अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

मामले को गंभीरता से लेते हुए औषधि निरीक्षक ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित मेडिकल स्टोर को अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया।

औषधि विभाग की इस कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हलचल की स्थिति है। विभाग की ओर से दवाओं की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार किए जाने और आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *