नेपाल में एक बार फिर अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। रविवार, 11 अक्टूबर को गोरखा जिले में बुढ़ी गंडकी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से कई मकान, पुल और बिजली परियोजनाओं से जुड़ा बुनियादी ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूस्खलन के कारण नदी का रास्ता अस्थायी रूप से अवरुद्ध हो गया था। इसके बाद पानी का दबाव बढ़ने और अवरोध टूटने से तेज बहाव के साथ पानी, मिट्टी और मलबा नीचे की ओर बह निकला। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में कम से कम पांच लोग लापता हैं, जबकि कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
बाढ़ के कारण करीब 35 से 45 मकान और कई पुल बहने या क्षतिग्रस्त होने की खबर है। तीन जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण स्थलों को भी नुकसान पहुंचा है। नेपाल सेना ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। हेलीकॉप्टरों की मदद से फंसे लोगों को निकाला जा रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
प्रशासन ने बुढ़ी गंडकी, त्रिशूली और नारायणी नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी किनारे जाने से बचने की सलाह दी है। कुछ सप्ताह पहले आई विनाशकारी बाढ़ के बाद इस नई आपदा ने नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।