अरशद खान: पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत करते हुए महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच और रोजगार शिविरों की राज्यस्तरीय श्रृंखला का शुभारंभ किया. इस श्रृंखला का आगाज मलोट के के.जी. रिसॉर्ट्स से एक भव्य मेगा जागरूकता शिविर के उद्घाटन के साथ हुआ.
मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने इस अवसर पर कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं को शारीरिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि मलोट से शुरू हुए इस शिविर की तर्ज पर अब पूरे पंजाब में ऐसे जागरूकता और सुविधा शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और विभिन्न रोजगार के अवसरों के बारे में जागरूक करना है.
इन राज्यस्तरीय शिविरों में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर स्कीम, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण, और पेंशन योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे. साथ ही, मौके पर ही फॉर्म भरने और महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.
डॉ. कौर ने कहा कि इस पहल से न केवल महिलाओं को उनके अधिकारों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सीधे तौर पर रोजगार के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे. इस तरह के मेगा शिविर पंजाब की महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके समग्र विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.