राजकीय आईटीआई परिसर बिजनौर में आयोजित होगा वृहद रोजगार मेला

मुकेश कुमार, बिजनौर: जनपद के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 अक्टूबर 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) परिसर, बिजनौर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय, बिजनौर द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे तथा योग्य अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं.

रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. राजकीय आईटीआई एवं राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्यों तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक को निर्देशित किया गया है कि जनपद में संचालित आईटीआई एवं कौशल विकास केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जाए. साथ ही संस्थानों के प्लेसमेंट सेल में पंजीकृत कंपनियों से संपर्क स्थापित कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रतिभागी कंपनियों की सूची जिला सेवायोजन अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.

उपायुक्त उद्योग को जनपद में स्थित निजी कंपनियों में रिक्त पदों को भरने के लिए रोजगार मेले में कंपनियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने को कहा गया है. वहीं, उच्च शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी को महाविद्यालयों में अध्ययनरत एवं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को भी रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं.

रोजगार मेले में अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक को पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.

मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रातः 10 बजे से एंबुलेंस तथा चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है. अग्निशमन अधिकारी को सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त अग्निशमन कर्मियों एवं आवश्यक उपकरणों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद बिजनौर के अधिशासी अधिकारी को रोजगार मेला स्थल की साफ-सफाई पूर्ण कराने तथा 13 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से पहले पेयजल एवं मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

जिला प्रशासन की ओर से युवाओं से अपील की गई है कि वे रोजगार मेले में प्रतिभाग कर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *